#सीतापुर के उरदौली में 15 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उरदौली में रविवार शाम एक 15 वर्षीय हाईस्कूल छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका पाया गया। मृतक की पहचान मूल रूप से खमरिया निवासी रामसनेही के पुत्र ऋषभ के रूप में हुई है, जो पिछले 14 वर्षों से अपने ननिहाल उरदौली में रहकर कक्षा 10 की पढ़ाई कर रहा था।

घटना के वक्त उसके नाना-नानी घर के बाहर मवेशियों की देखरेख कर रहे थे। छात्र को कमरे में लटका देख परिजनों ने शव को नीचे उतारा और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार, छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले फोन पर संदिग्ध सर्च की गई थी। महोली कोतवाली प्रभारी जेबी पांडेय ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ